रायपुर। अवैध शराब के खिलाफ रायपुर ग्रामीण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरंग क्षेत्र में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सफेद रंग की आर्टिका कार से 160 पाव देशी मसाला शराब बरामद की है। पकड़ी गई शराब की मात्रा 28.800 बल्क लीटर और कीमत करीब 16 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सरकारी शराब दुकान का सुपरवाइजर, सेल्समैन और मल्टी वर्कर शामिल हैं। इनके अलावा एक सरकारी शिक्षक और वाहन चालक समेत अन्य लोग भी पकड़े गए हैं। पुलिस ने शराब के परिवहन में इस्तेमाल आर्टिका कार सहित कुल 8.16 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक 14 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आर्टिका कार क्रमांक CG 04 QB 5200 से गुल्लू शराब दुकान से शराब लेकर रानीसागर की तरफ अवैध बिक्री के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने पर आरंग पुलिस ने रानीसागर स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका। कार में चालक समेत छह लोग मिले। तलाशी के दौरान 160 पाव देशी मसाला शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने शराब को अवैध रूप से बेचने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने करीब 8 लाख रुपये कीमत की कार भी जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों में उबारन दास पुरेना गुल्लू शराब दुकान का सुपरवाइजर, सुरेश बांधे मल्टी वर्कर और राजेश काटले सेल्समैन बताया गया है। वहीं तिरीत राम बांधे ग्राम अमोदी में शिक्षक है। अन्य आरोपियों की पहचान वाहन चालक भरत रात्रे, दिलीप कुमार कुर्रे और भागवत बारले के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब सप्लाई के इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं और शराब किन-किन स्थानों पर पहुंचाई जा रही थी।
Author Profile
Latest entries
Big breakingSeptember 14, 2026रायपुर में शराब दुकान से जुड़े कर्मचारी ही निकले अवैध सप्लायर, 160 पाव शराब के साथ 7 गिरफ्तार
Big breakingSeptember 14, 2026गणेशोत्सव में बस्तर की महिलाओं का कमाल, इको-फ्रेंडली मूर्तियां बेचकर कमाए 1.80 लाख रुपये
Big breakingSeptember 14, 2026सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाएं : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
Big breakingSeptember 14, 2026भारत-जापान के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव को शिक्षा और तकनीक दे रहे नया विस्तार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय








