राजनांदगांव : - छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में आज संगीत और सुरों की शानदार शाम सजने जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के अवसर पर दिग्विजय स्टेडियम में भव्य संगीत संध्या ‘राग नांदगांव’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मशहूर बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल का लाइव कॉन्सर्ट होगा। इस आयोजन में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह समेत कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं।
शाम 4:30 से 6 बजे तक पहुंचें, पास वाले गेट से ही मिलेगी एंट्री
कार्यक्रम में शामिल होने वाले दर्शकों के लिए पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए शाम 4:30 बजे से 6:00 बजे के बीच स्टेडियम पहुंचने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, शाम 6:00 से 8:00 बजे के बीच प्रवेश द्वारों पर भीड़ बढ़ सकती है। स्टेडियम में प्रवेश के लिए A, B, C, D और E नाम से पांच गेट निर्धारित किए गए हैं। दर्शकों को अपने पास पर लिखे गेट से ही प्रवेश करना होगा। प्रवेश से पहले सुरक्षा जांच और तलाशी की जाएगी। वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने की अनुमति होगी, जबकि सड़क पर अनधिकृत पार्किंग करने पर रोक रहेगी। हथियार, धारदार वस्तुएं और अन्य प्रतिबंधित सामग्री कार्यक्रम स्थल पर ले जाना मना है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे समय से पहुंचें, अपने प्रवेश पास के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें, ताकि ‘राग नांदगांव’ की यह संगीतमय शाम बिना किसी अव्यवस्था के यादगार बन सके।

टिप्पणियाँ (0)