डकैती गिरोह के मास्टरमाइंड का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली; VIDEO वायरल

Spread the love

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस ने डकैती गिरोह के मास्टरमाइंड का शॉर्ट एनकाउंटर किया। आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल बदमाश का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह दर्द से कराहते हुए “दादा-दादा” कहते रोता नजर आ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर मुख्य आरोपी रामनाथ ने देशी कट्टे से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। शिवरीनारायण थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने सर्विस पिस्टल से 3 राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी।

बताया जा रहा है कि 27 और 29 जनवरी को शिवरीनारायण और पामगढ़ थाना क्षेत्र में 5 हथियारबंद डकैतों ने कई लोगों के साथ लूटपाट और मारपीट की थी। इन घटनाओं में 13 लोग घायल हुए, जिनमें 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने पहले 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर मास्टरमाइंड तक पहुंची टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पुलिस ने मौके से देशी कट्टा बरामद किया है। आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पूछताछ जारी है।

Author Profile

newstodayindia