CG NEWS: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 प्रभावी संचालन को लेकर जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

रायगढ़।  रायगढ़ कलेक्टोरेट स्थित सृजन सभाकक्ष में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के प्रभावी संचालन को लेकर जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्य शासन द्वारा शुरू की जा रही इस हेल्पलाइन का उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेह निराकरण सुनिश्चित करना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों को शिकायत प्रबंधन प्रणाली की तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन लागू होने से शिकायतों के निराकरण में जवाबदेही तय होगी और अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को प्रशिक्षण में बताई गई प्रक्रियाओं को गंभीरता से समझने और निर्धारित समय सीमा में शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण में सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सलाहकार आर. के. शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 नागरिकों की शिकायतों को सीधे शासन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगी। आमजन टोल फ्री नंबर 1076 पर 24 घंटे निःशुल्क कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

तकनीकी विशेषज्ञ सौरभ श्रीकांत ने अधिकारियों को शिकायत ट्रैकिंग, समयबद्ध निराकरण, नागरिक फीडबैक, पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था की जानकारी दी। प्रत्येक शिकायत के लिए 12 अंकों का यूनिक टोकन नंबर जारी किया जाएगा, जिससे शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की स्थिति जान सकेगा। शिकायतों के निराकरण के लिए एल-1 से एल-4 तक की प्रणाली लागू की गई है। समय सीमा में समाधान नहीं होने पर शिकायत स्वतः उच्च स्तर पर भेज दी जाएगी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जबकि विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

Author Profile

newstodayindia

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *