राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और डिप्टी सीएम अरुण साव ने राजनांदगांव शहर में 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपए लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें 15 करोड़ 92 लाख रूपए की लागत से प्रदेश के सबसे बड़े 2000 सीटर ऑडिटोरियम का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल है। इसके साथ ही शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, विद्युतीकरण, पेयजल, मुक्तिधाम उन्नयन एवं सामुदायिक भवन सहित विभिन्न अधोसंरचना विकास कार्य किए जाएंगे। कार्यक्रम में 15वें वित्त आयोग 12 करोड़ 9 लाख 44 हजार रुपए की लागत से विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली एवं विद्युतीकरण के कार्य किए जाएंगे। अधोसंरचना मद से 11 करोड़ 57 लाख रूपए की लागत से सड़क, नाली, मुक्तिधाम उन्नयन एवं सामुदायिक भवन निर्माण कार्य होंगे। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत 1 करोड़ रुपए की लागत से 4 वार्डों में सड़क, नाली एवं सामुदायिक भवन निर्माण कार्य तथा 15वें वित्त आयोग से 3 करोड़ 2 लाख 82 हजार रुपए की लागत से विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार के कार्य किए जाएंगे। कार्यक्रम में 1000 पौधों का वितरण भी किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, राजनांदगांव में बनने वाला 2000 सीटर ऑडिटोरियम शहर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। ऑडिटोरियम में बड़े आयोजनों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही पार्किंग, कॉरिडोर तथा लगभग एक हजार लोगों के एक साथ बैठकर भोजन करने की व्यवस्था भी होगी। यह ऑडिटोरियम राजनांदगांव सहित आसपास के नगरीय क्षेत्रों के लिए भी बड़े आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, प्रकाश व्यवस्था और पाइपलाइन विस्तार सहित 43 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य किए जा रहे हैं। सीएम साय के नेतृत्व में राजनांदगांव के सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है। जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी जा रही मांगों और प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृति प्रदान की जा रही है।
डिप्टी सीएम साव साव ने अपने संबोधन में कहा कि, आज राजनांदगांव शहर के लिए ऐतिहासिक दिन है। शहर को 43 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। सीएम साय के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद पिछले दो वर्षों में राजनांदगांव नगर निगम को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगभग 267 करोड़ रूपए की राशि विकास कार्यों के लिए प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि, प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने राजनांदगांववासियों से शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि, यदि नागरिक और नगर निगम मिलकर प्रयास करें तो राजनांदगांव स्वच्छता के क्षेत्र में देश में पहला स्थान प्राप्त कर सकता है।
डिप्टी सीएम साव ने राजनांदगांव शहर के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की बात कही। उन्होंने बताया कि, गांधी चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, नंदई चौक सहित अन्य प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 3 करोड़ रूपए की स्वीकृति प्रक्रियाधीन है। उन्होंने रानी सागर एवं बूढ़ा सागर तालाब के पुनर्विकास के लिए 14 करोड़ रूपए की योजना तैयार किए जाने की जानकारी दी। जीई रोड से लखोली कबाड़ी दुकान तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 6 करोड़ 85 लाख रूपए, आरके नगर चौक से डोंगरगांव रोड तक सड़क निर्माण के लिए 6 करोड़ 90 लाख रूपए तथा बायपास कन्हारपुरी से तिरंगा चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 5 करोड़ 50 लाख रूपए की स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने की बात कही। इसी प्रकार मोहारा जल संयंत्र के री-मरम्मत कार्य के लिए 4 करोड़ रूपए तथा ढाबा, गौरीनगर और गोकुलनगर में ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए 12 करोड़ 61 लाख रूपए की स्वीकृति शीघ्र प्रदान किए जाने की जानकारी दी।
डिप्टी सीएम साव ने कहा कि, विकास के साथ स्वच्छता भी शहर की पहचान का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि, घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कचरा नालियों और सड़कों पर न डालें तथा नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि, सामूहिक प्रयासों से राजनांदगांव को स्वच्छता के क्षेत्र में देश में पहला स्थान दिलाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने के साथ ही छत्तीसगढ़ के शहरों के समग्र विकास के लिए योजना बनाकर निरंतर कार्य किया जा रहा है।
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि, शासन द्वारा राजनांदगांव शहर के विकास कार्यों के लिए 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रूपए की सौगात दी गई है। नगर निगम राजनांदगांव अंतर्गत नालंदा परिसर सहित अन्य विकास कार्य किए जा रहे है। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा जिले के विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि, केन्द्र सरकार द्वारा परमालकसा से खरसिया तक नई रेल लाईन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही चौथी रेल लाईन भी चालू हो गया है। राजनांदगांव एवं डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन को मॉडल एवं अमृत रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है।
गौरीनगर एवं स्टेशन पारा के अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य दिसम्बर तक पूर्ण हो जाएगा। इसके साथ ही मोतीपुर अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि डोंगरगढ़ से कटघोरा तक नई रेल लाईन की स्वीकृति दी गई है, जिसका जंक्शन डोंगरगढ़ होगा। सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि, राजनांदगांव प्रतिभा की भूमि है, श्रम और परिश्रम की भूमि है। जिले की प्रतिभावान खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव ने राष्ट्रमंडल खेल में देश के लिए पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया है।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि, राजनांदगांव शहर के विकास के लिए 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रूपए की लागत से विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। उन्होंने बताया कि, राजनांदगांव शहर में 800 सीटर का ऑडिटोरियम उपलब्ध है। इसके साथ ही 15 करोड़ 92 लाख रूपए की लागत से 2000 सीटर का ऑडिटोरियम के लिए भूमिपूजन किया गया है। इस ऑडिटोरियम के बनने से भविष्य में बड़े आयोजन के लिए व्यवस्थित स्थल मिलेगा। राजनांदगांव शहर के सभी 51 वार्डों के संतुलित विकास को दृष्टिगत रखते हुए 15वें वित्त आयोग से 12 करोड़ रूपए एवं 3 करोड़ रूपए, मुख्यमंत्री की घोषणा अंतर्गत वाटर सप्लाई के लिए 1 करोड़ रूपए, अधोसंरचना के लिए 11 करोड़ 57 लाख रूपए के विकास कार्यों के लिए भूमिपूजन किया गया है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सचिन बघेल, राजगामी संपदा न्यास के अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, खूबचंद पारख, कोमल सिंह राजपूत, संतोष अग्रवाल, रमेश पटेल, राजेश श्यामकर, राजेन्द्र गोलछा, सौरभ कोठारी, नगर निगम सभापति पारस वर्मा, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, सीईओ जिला पंचायत दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिकगण उपस्थित थे।
Author Profile
Latest entries
Big breakingAugust 12, 2026BREAKING : सीएम साय आज राजधानी में आयोजित कई कार्यक्रमो में होंगे शामिल, यहां देखें शेड्यूल
Big breakingAugust 12, 2026वंदे मातरम् का अपमान अब पड़ेगा भारी, राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद लागू हुआ नया कानून
Big breakingAugust 12, 2026स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रायपुर पुलिस का विशेष अभियान, 130 असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई, 19 वारंट तामिल
Big breakingAugust 12, 2026CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय होगा मानसून, अगले 4 दिन बारिश के आसार

