NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI का बड़ा एक्शन, 2 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 13 गिरफ्तारी

Spread the love

नई दिल्ली। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 13 पहुंच गई है। जांच एजेंसी लगातार इस हाईप्रोफाइल शिक्षा घोटाले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है।

देशभर में सुर्खियों में बने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी Central Bureau of Investigation ने एक और बड़ा खुलासा किया है। CBI ने इस मामले में दो नए आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी भूमिका परीक्षा के प्रश्नपत्र छात्रों तक पहुंचाने में अहम बताई जा रही है। जांच एजेंसी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी डॉ. मनोज शिरुरे महाराष्ट्र के लातूर के रहने वाले डॉक्टर हैं। आरोप है कि उन्होंने एक कोचिंग सेंटर संचालक के बेटे समेत तीन छात्रों तक केमिस्ट्री के प्रश्न पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह प्रश्न आरोपी पी.वी. कुलकर्णी से प्राप्त किए गए थे।

वहीं दूसरा आरोपी तेजस हर्षदकुमार शाह है, जो पुणे स्थित डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल एकेडमी (APMA) में फिजिक्स फैकल्टी के रूप में कार्यरत था। जांच में सामने आया है कि उसे फिजिक्स के लीक प्रश्न आरोपी मनीषा हवलदार से मिले थे। CBI अधिकारियों के अनुसार इस पूरे रैकेट में कई राज्यों और कोचिंग नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है। एजेंसी अब तक देशभर में 49 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चुकी है। कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, लैपटॉप, मोबाइल फोन और डिजिटल डिवाइस ज़ब्त किए गए हैं। जांच एजेंसी ने बताया कि जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों का फॉरेंसिक और तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है ताकि पेपर लीक की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

Author Profile

newstodayindia