जम्मू कश्मीर के उधमपुर के सीआरपीएफ कैंप से अचानक लापता होने वाले हेड कांस्टेबल अभिषेक शर्मा परिजन को दिल्ली में अवसाद की हालत में मिले। उनके कपड़े अस्त-व्यस्त थे और दिमागी हालत भी ठीक नहीं थी। परिजन दो जून को उन्हें लेकर शाहगंज स्थित घर आए। अब उनका इलाज चल रहा है।
अभिषेक शर्मा का परिवार मुरली विहार, शाहगंज में रहता है। उनकी मां कमलेश शर्मा ने बताया कि 25 मई को आखिरी बार बात हुई थी। परिजन उन्हें खोजने उधमपुर कैंप भी गए थे। दोस्तों से भी जानकारी नहीं मिल पाई। 30 मई को एक दोस्त का फोन आया। उसने 27 मई को अभिषेक का फोन आने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन शाहगंज थाने गए, वहीं पुलिस ने उस मोबाइल नंबर की डिटेल निकाली।




