मुंबई : “हमका माफ़ी दई दो” डायलॉग काफी पुराना है, लेकिन सटीक बैठ रहा है, कांतारा विवाद पर। बॉलीवुड के इस चर्चित वाद-विवाद का सुखद अंत क्षमा याचना के साथ संपन्न हो गया है। दरअसल, अभिनेता रणवीर सिंह ने बीते दिनों गोवा में आोयजित ‘इफ्फी 2025’ में कांतारा फिल्म के एक सीन की नकल की थी। इससे सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना जारी है। उन पर धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप लग रहे हैं, जिसके बाद अभिनेता रणवीर सिंह ने माफी मांगी ली है।

भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव ( इफ्फी 2025 ) की क्लोजिंग सेरेमनी में रणवीर सिंह ने एक्टर ऋषभ शेट्टी की तारीफ करते हुए उनकी फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ के एक सीन को कॉपी किया था। इसके बाद उन पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप लगे हैं। मामले पर विवाद बढ़ गया है। इसे देख आज मंगलवार को रणवीर ने सोशल मीडिया पोस्ट शेयर कर लोगों से माफी मांगी है।

रणवीर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें लिखा है, ‘मेरा इरादा फिल्म में ऋषभ शेट्टी की जबर्दस्त परफॉर्मेंस को हाईलाइट करना था। मुझे पता है कि उस खास सीन को उस तरह से करने में कितना समय लगेगा, जैसा उन्होंने किया। इसके लिए मैं उनकी बहुत तारीफ करता हूं। मैंने हमेशा अपने देश के हर कल्चर, ट्रेडिशन और विश्वास का बहुत सम्मान किया है। अगर मैंने किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, तो मैं तहे दिल से माफी मांगता हूं’।
क्या है पूरा मामला?
बीते शुक्रवार को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया की क्लोजिंग सेरेमनी के दौरान रणवीर ने ऋषभ शेट्टी की खूब तारीफ की। उन्होंने ‘कांतारा 3’ में खुद काम करने की ख्वाहिश भी जताई। साथ ही फिल्म के एक सीन की नकल कर दी। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिस पर यूजर्स रणवीर को धार्मिक भावनाएं आहत करने पर खरी-खोटी सुना रहे हैं। रणवीर ने मंच से ‘कांतारा 2’ के जिस सीन की मिमिक्री की, उसे लेकर कहा जा रहा है कि रणवीर ने कथित तौर पर चावुंडी (चामुंडा) देवी का मजाक बनाया। फ़िलहाल, रणवीर का माफ़ीनामा सामने आने के बाद मामले को सुखद अंत के रूप में देखा जा रहा है।




