बिहान कैंटीन के व्यंजनों से महका जगदलपुर जनपद परिसर

Spread the love

जगदलपुर। बस्तर जिले के जनपद पंचायत जगदलपुर में इन दिनों बिहान कैंटीन महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन की एक नई इबारत लिख रही है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के अंतर्गत स्थापित इस कैंटीन की कमान ग्राम पंडरीपानी-1 के श्री साईं महिला स्व सहायता समूह की पांच महिलाओं ने संभाल रखी है। सुमिता पटनायक (अध्यक्ष) और रीता पंडा (सचिव) के कुशल नेतृत्व में यह कैंटीन केवल दो माह के भीतर ही क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने में सफल रही है। जनपद परिसर में स्थित इस कैंटीन का औपचारिक शुभारंभ 25 फरवरी 2026 को जनपद पंचायत जगदलपुर के अध्यक्ष पदलाम नाग के कर-कमलों द्वारा किया गया था।

स्वाद और गुणवत्ता के अनूठे संगम के कारण यह स्थान आज न केवल आम जनता, बल्कि सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की भी पहली पसंद बन गया है। यहाँ स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ दक्षिण भारतीय व्यंजनों की विस्तृत श्रृंखला किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जा रही है। कैंटीन की बढ़ती मांग का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि अब जनपद और जिला कार्यालयों में होने वाली महत्वपूर्ण बैठकों के लिए भी चाय, नाश्ता और भोजन की व्यवस्था इसी समूह के माध्यम से की जा रही है।
आर्थिक दृष्टिकोण से भी यह उपक्रम महिलाओं के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध हो रहा है। कैंटीन के शुरुआती सफर में ही फरवरी माह में 6,200 रुपये की आय हुई थी, जो मार्च माह में बढ़कर 18,320 रुपये तक पहुंच गई। अप्रैल माह के शुरुआती 10 दिनों में ही समूह ने 11,400 रुपये की आय अर्जित कर ली है, जिससे अब तक की कुल आय 35,920 रुपये हो चुकी है। यह सफलता महिलाओं को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में अन्य महिलाओं के लिए उद्यमिता की एक नई प्रेरणा भी पेश कर रही है।

Author Profile

newstodayindia

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *