छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र अंतर्गत चौथना गांव में अंधविश्वास के चलते खूनी वारदात का मामला सामने आया है। जादू-टोना करने के शक में कमला सोनकर और उनके बेटे खुमेन्द्र सोनकर की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वहीं, हमले में परिवार की बेटी ममता गंभीर रूप से घायल हो गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, मुख्य आरोपी केशर सोनकर को शक था कि कमला सोनकर के जादू-टोने के कारण उसके परिवार के सदस्य बीमार पड़ रहे हैं। इसी अंधविश्वास को वारदात की वजह बताया जा रहा है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में एक ही परिवार के तीन आरोपियों—केशर सोनकर, हेमंत सोनकर और सोनू सोनकर—को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि अंधविश्वास किस तरह गंभीर अपराधों का कारण बन सकता है।