प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा – मॉडल उत्तर जारी, 30 मई तक दावा-आपत्ति आमंत्रित

Spread the love

00 डाक से भेजे गए आवेदन नहीं होंगे स्वीकार, सहायक आयुक्त कार्यालय में स्वयं होना होगा उपस्थित
रायपुर। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ प्रदेश में संचालित प्रयास बालक एवं कन्या आवासीय विद्यालयों के सत्र 2026-27 (कक्षा 9वीं) में प्रवेश के लिए आयोजित प्राक्चयन परीक्षा के मॉडल उत्तर जारी कर दिए गए हैं। गत 10 मई 2026 (रविवार) को आयोजित हुई इस परीक्षा के मॉडल उत्तर विभागीय वेबसाइट eklavya.cg.nic.in पर परीक्षार्थियों के अवलोकन हेतु उपलब्ध हैं।
30 मई शाम 5.30 बजे तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
प्रयास आवासीय विद्यालय कक्षा 9वीं प्रवेश परीक्षा के प्रश्न-पत्र या उत्तरों से संबंधित किसी भी प्रकार की दावा एवं आपत्तियां 30 मई 2026 को सायं 5.30 बजे तक आमंत्रित की गई हैं। समय-सीमा समाप्त होने के पश्चात किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
दावा-आपत्ति के लिए इन नियमों का पालन है अनिवार्य
आवेदक को स्वयं उपस्थिति अनिवार्य, परीक्षार्थियों को अपनी दावा-आपत्ति दर्ज कराने के लिए संबंधित जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग के कार्यालय में स्वयं उपस्थित होना होगा। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज और प्रामाणिक साक्ष्य संलग्न करना अनिवार्य है। बिना किसी ठोस प्रमाण के प्रस्तुत की गई दावा-आपत्तियों को पूर्णत: अमान्य कर दिया जाएगा। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि डाक, कूरियर या किसी अन्य अप्रत्यक्ष माध्यम से भेजी गई दावा-आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।
विषय विशेषज्ञों का निर्णय होगा अंतिम
कार्यालय को प्राप्त होने वाली सभी दावा-आपत्तियों का सूक्ष्म परीक्षण विषय विशेषज्ञों की एक समिति द्वारा किया जाएगा। जांच के पश्चात समिति द्वारा लिया गया निर्णय ही अंतिम एवं सर्वमान्य होगा, जिसके आधार पर अंतिम परीक्षा परिणाम जारी किया जाएगा।

Author Profile

newstodayindia

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *