प्रियांक खरगे ने विदेश मंत्रालय पर लगाया यू-टर्न लेने का आरोप…

कर्नाटक: कर्नाटक सरकार के मंत्री प्रियांक खरगे ने विदेश मंत्रालय पर यू-टर्न लेने का आरोप लगाया है। दरअसल प्रियांक खरगे ने दावा किया था कि विदेश मंत्रालय ने उनके आवेदन के बावजूद अमेरिका जाने के लिए क्लीयरेंस नहीं दी थी। प्रियांक खरगे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मुद्दे पर विदेश मंत्रालय के खिलाफ राजनीतिक भेदभाव करने के आरोप लगाए थे। अब खरगे का कहना है कि उन्हें अमेरिका जाने के लिए क्लीयरेंस दे दी गई है।

खरगे ने पूछे सवाल
प्रियांक खरगे ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने इस मुद्दे पर 19 जून को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जिसमें वीजा के लिए क्लीयरेंस न देने पर सवाल उठाए गए और इसमें राजनीतिक दखल की आशंका जताई थी। मीडिया में यह मामला उठा। उसी दिन शाम में विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी वीजा के लिए क्लीयरेंस दे दी। खरगे ने सवाल किया कि ‘पहले उन्हें क्लीयरेंस देने से क्यों मना किया गया? इस मामले के सार्वजनिक होने के बाद क्या मंत्रालय ने जवाबदेही से बचने के लिए वीजा के लिए क्लीयरेंस दी?’ अभी तक इस मामले में विदेश मंत्रालय की तरफ से कोई बयान नहीं दिया गया है।