बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में मोबाइल हैकिंग के जरिए एक रेलवे कर्मचारी के बैंक खाते से 1 लाख 14 हजार 997 रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थी मो. मोइनुल हक, निवासी कासिमपारा मस्जिद के पास, तोरवा ने पुलिस को बताया कि वह रेलवे विभाग में ट्रेन मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उनका एयरटेल कंपनी का मोबाइल नंबर भारतीय स्टेट बैंक, शाखा तोरवा (जगमल चौक) के खाते से लिंक है।
पीड़ित के अनुसार 27 जनवरी को अचानक उनके मोबाइल में फोनपे ऐप काम करना बंद हो गया था। इसके बाद उन्हें किसी गड़बड़ी की आशंका हुई। 31 जनवरी को जब वह बैंक पहुंचे और खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, तब धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। स्टेटमेंट में पता चला कि खाते से अलग-अलग तारीखों में कई बार पैसे निकाले गए हैं।
जानकारी के मुताबिक 27 जनवरी को 10-10 हजार रुपए दो बार और 5 हजार रुपए एक बार निकाले गए। इसके बाद 28 और 29 जनवरी को 5-5 हजार रुपए की निकासी हुई। वहीं 31 जनवरी को 10-10 हजार रुपए दो बार और 5 हजार रुपए एक बार निकाले गए।
इसके अलावा 19,999 रुपए की दो ट्रांजेक्शन, 9,999 रुपए की एक ट्रांजेक्शन और 5,000 रुपए की एक ट्रांजेक्शन भी सामने आई है। कुल मिलाकर खाते से 1,14,997 रुपए की अवैध निकासी की गई।
पीड़ित का दावा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल हैक कर डिजिटल भुगतान माध्यम से यह रकम निकाल ली। मामले में तोरवा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से मोबाइल और ट्रांजेक्शन डिटेल खंगाल रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
Author Profile
Latest entries
ChhattisgarhMarch 26, 2026होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का बड़ा फैसला: भारत समेत 5 देशों को राहत, लेकिन जंग का खतरा बरकरार…
ChhattisgarhMarch 26, 2026CGPSC 2025 प्री परीक्षा का रिजल्ट जारी
ChhattisgarhMarch 26, 2026रायपुर में स्टेट जीएसटी की रेड, लक्ष्मी कमर्शियल और एसआरएस ट्रेडर्स घेरे में
ChhattisgarhMarch 26, 2026CG BREAKING : ED ने दुबई में 1700 करोड़ की संपत्ति की जब्त
