प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि भारत और इटली संयुक्त नवाचार और उत्पादन के आधार पर वैश्विक सहयोग का नया मॉडल विकसित करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देश आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ रोम में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत-इटली संबंध अब संरचित और समयबद्ध सहयोग के नए चरण में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘इंडिया-इटली जॉइंट स्ट्रैटेजिक एक्शन प्लान 2025-2029’ दोनों देशों की साझेदारी के लिए व्यावहारिक और भविष्य उन्मुख ढांचा प्रदान करता है।
रणनीतिक साझेदारी को मिलेगा नया विस्तार
प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों ने भविष्य की साझेदारी को और मजबूत करने के लिए विस्तृत चर्चा की है। उन्होंने कहा कि यह एक्शन प्लान केवल दस्तावेज नहीं, बल्कि सहयोग को जमीनी स्तर पर आगे बढ़ाने का रोडमैप है और इसे तय समयसीमा में लागू किया जाएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इटली के बीच द्विपक्षीय व्यापार तेजी से 20 अरब यूरो के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि भारत में काम कर रही 800 से अधिक इटालियन कंपनियां देश की विकास यात्रा में योगदान दे रही हैं और भारत के विशाल बाजार तथा इनोवेशन इकोसिस्टम का लाभ उठा रही हैं।
बिजनेस फोरम में दिखा नया उत्साह
प्रधानमंत्री ने कहा कि इंडिया-इटली बिजनेस फोरम में दोनों देशों के उद्योग जगत के नेताओं के बीच नया उत्साह, विश्वास और महत्वाकांक्षा देखने को मिली। उन्होंने कहा कि उभरते क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि इटली दुनिया में डिजाइन और प्रिसिजन के लिए जाना जाता है, जबकि भारत अपनी विशाल क्षमता, प्रतिभा और किफायती नवाचार के लिए पहचान रखता है।
‘डिजाइन एंड डेवलप’ मॉडल पर जोर
पीएम मोदी ने कहा, “हम ‘डिजाइन एंड डेवलप इन इंडिया एंड इटली एंड डिलीवर फॉर द वर्ल्ड’ के सिद्धांत पर आगे बढ़ेंगे।” उन्होंने बताया कि दोनों देश फैशन, फिनटेक, लेदर, लॉजिस्टिक्स, मोबिलिटी और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाएंगे, ताकि वैश्विक बाजारों की जरूरतों को पूरा किया जा सके।
भारत-ईयू एफटीए पर भी हुई चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर इटली के समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष इस समझौते को जल्द अंतिम रूप देने और लागू करने की दिशा में मिलकर काम करेंगे, जिससे व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूती मिलेगी।
पांच देशों के दौरे का अंतिम चरण
इससे पहले पीएम मोदी को रोम में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी की। प्रधानमंत्री की यह यात्रा उनके पांच देशों के दौरे का अंतिम चरण है। इस दौरे के दौरान उन्होंने नॉर्वे, स्वीडन, नीदरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात का भी दौरा किया।
Author Profile
Latest entries
Big breakingJuly 8, 2026राज्य सरकार के नीतिगत सुधारों एवं नवाचारों से राजस्व प्रशासन में आया सकारात्मक बदलाव : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
Big breakingJuly 8, 2026रायपुर विकास प्राधिकरण की संपत्तियों की बुकिंग अब पूरी तरह ऑनलाइन
Big breakingJuly 8, 2026मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से अलंकृत किए जाने पर दी बधाई
Big breakingJuly 8, 2026मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में मनाया जाएगा 9 जुलाई को दीदी के गोठ का वार्षिकोत्सव
