Weateher Update: दिल्ली की दहलीज पर मानसून, यूपी-राजस्थान में मानसूनी वर्षा शुरू; IMD ने जारी किया अलर्ट…

Spread the love

नई दिल्ली। एक ब्रेक के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। तेजी से बढ़ते हुए दिल्ली की दहलीज पर पहुंच चुका है और एक-दो दिनों के भीतर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कभी भी दस्तक दे सकता है। वैसे दिल्ली में मानसून के आने की सामान्य तिथि 26 से 27 जून है। किंतु इस बार चार-पांच दिन पहले आने की स्थितियां अनुकूल दिख रही हैं।

राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में पहले ही मानसूनी वर्षा शुरू हो चुकी है। अब बारी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र समेत पंजाब और हरियाणा की है। अब तक बिहार, पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंच चुका है।

भारत मौसम विभाग (आइएमडी) ने अगले एक सप्ताह तक हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

राजस्थान के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर

साथ ही यहां 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। अभी पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिन में बारिश राहत लेकर आएगी।

आइएमडी के अनुसार सोमवार से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश में तेजी आएगी। जम्मू-कश्मीर में 21 से 26 जून तक बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

मुंबई और कर्नाटक में भी लगातार बारिश से आम जनजीवन प्रभावित

इस बीच, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान और महाराष्ट्र के तटीय जिलों में बारिश जारी है। मुंबई और कर्नाटक के तटीय इलाकों में भी लगातार बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

Author Profile

News Today India