CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान, तापमान 3 से 5 डिग्री गिरा; अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले दो-तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी है। रायपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को सारंगढ़ में सबसे अधिक 140 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सरायपाली और बड़े बचेली में 100-100 मिमी वर्षा हुई, जबकि डौंडीलोहारा, चिरमिरी, सरसींवा और अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी रायपुर में 10.8 मिमी वर्षा हुई। विभाग का अनुमान है कि अगले 24 से 48 घंटों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।

बारिश के कारण किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। जून में कमजोर मानसून के चलते खेती प्रभावित हो रही थी, लेकिन अब अच्छी वर्षा के बाद किसान धान की नर्सरी तैयार करने और बोनी के काम में जुट गए हैं। वहीं, रायपुर का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम रहा। अंबिकापुर में 32 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे अधिक तापमान दर्ज हुआ, जबकि पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हालांकि, बारिश अपने साथ हादसे भी लेकर आई है। कवर्धा और बिलासपुर में करंट लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सक्ती और कोरबा जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की जान चली गई। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान बिजली के खंभों, खुले तारों और खेतों में लगे विद्युत तारों से दूर रहने तथा गरज-चमक के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है। मौसम विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Author Profile

newstodayindia

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *